चिड़ियाघर के सामने पार्किंग में खड़ी टैक्सी से हुई सोने-डायमंड ज्वेलरी की चोरी के आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से करीब 10 लाख 75 हजार रु. के जेवर बरामद किए हैं। संयोगितागंज टीआई केपी यादव के अनुसार घटना 20 जनवरी की है। फरियादी नरेश जैन (65) निवासी एमजी रोड ने दर्ज शिकायत में बताया था कि उनका परिवार जू घूमने गया था। इस दौरान अज्ञात व्यक्ति ने कार से सोने का ब्रेसलेट (करीब 53 ग्राम), डायमंड का पेंडेंट, सोने की 2 अंगूठियां और एक मोती चोरी कर लिया था। टीआई ने बताया, फुटेज खंगाले तो टैक्सी चालक नंदकिशोर निवासी बड़ी भमोरी थाना विजय नगर की पहचान हुई। उसके घर की तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक प्लास्टिक के डिब्बे में रखा चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया। इंदौर दर्शन के लिए बुक की थी टैक्सी जांच में पाया कि जैन परिवार को भतीजी की शादी के लिए मुंबई जाना था। भतीजी मुंबई से आई थी, इसलिए वे लोग बच्चों सहित परिवार को इंदौर दर्शन कराने निकले थे। उन्होंने नंदकिशोर की टैक्सी बुक की थी, क्योंकि वह 3-4 बार पहले भी उन्हें कुछ जगहों पर ले जा चुका था। जब वे चिड़ियाघर पहुंचे तो बैग टैक्सी में रख दिया था। वापस आए और मुंबई निकल गए। वहां पाया कि बैग में रखे कुछ जेवर नहीं हैं। इस पर थाने पर शिकायत की। पुलिस ने फुटेज के आधार पर टैक्सी चालक को पकड़कर पूछताछ की तो वह बरगलाने लगा। जब पूछा कि वह टैक्सी छोड़कर कहीं गया था तो बोला कि नहीं गया था। इस पर शक ज्यादा हुआ, क्योंकि उसके टैक्सी में रहते चोरी कैसे हो गई। आखिर उससे सख्ती की तो वह टूट गया।


