बलरामपुर जिले के राजपुर विकासखंड के ग्राम लाउ में आयोजित चंगाई सभा को लेकर उठे विवाद के बाद प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की गई है। चंगाई सभा के आयोजन की अनुमति देने पर राजपुर के एसडीएम और तहसीलदार को कलेक्टर ने पद से हटा दिया है। वहीं, एसपी ने थाना प्रभारी को भी लाइन अटैच कर दिया है। बलरामपुर जिले के ग्राम लाउ में 10 जून को चंगाई सभा के आयोजन को लेकर हंगामा हो गया था। हिंदूवादी संगठनों ने चंगाई सभा स्थल पहुंचकर धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। संगठन का आरोप था कि ग्राम लाउ में परसू बेक और संदीप भगत की ओर से लाउडस्पीकर लगाकर ईसाई धर्म का प्रचार किया जा रहा था। लोगों को बताया जा रहा था कि ईसाई धर्म में आने पर उनकी बीमारियां ठीक हो जाएंगी। मुफ्त में पढ़ाई और इलाज होगा। प्रशासनिक पदों पर उनके बच्चों को नौकरी मिलेगी। इस दौरान सभा में करीब 200 ग्रामीण मौजूद थे। हंगामे के बाद दर्ज हुई थी एफआईआर
मामले में हिंदूवादी संगठनों ने हंगामा कर दिया तो प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही राजपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले में परसू बेक और संदीप भगत के खिलाफ धारा 299 एवं छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम, 1968 की धारा 4 के तहत अपराध दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया गया था। आयोजन स्थल पर चंगाई सभा के आयोजन के लिए प्रशासनिक अनुमति की जानकारी मिली तो हिंदूवादी संगठनों ने एसडीएम और तहसीलदार पर धर्मांतरण को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर बलरामपुर से शिकायत की थी। हटाए गए दोनों अधिकारी
कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों का तबादला आदेश जारी किया है। इसके तहत राजपुर एसडीएम राजीव जेम्स कुजूर का जिला कार्यालय बलरामपुर तबादला कर दिया गया है। तहसीलदार पूनम रश्मि तिग्गा को कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा में पदस्थ किया गया है। संयुक्त कलेक्टर देवेंद्र कुमार प्रधान को राजपुर का अतिरिक्त एसडीएम बनाया गया है। नायब तहसीलदार नरेन्द्र कुमार कंवर को प्रभारी तहसीलदार का प्रभार सौंपा है। राजपुर टीआई भी हटाए गए
हिंदुवादी संगठनों ने पुलिस कार्रवाई को लेकर भी आपत्ति जताई थी। हालांकि, पुलिस ने दो लोगों पर कार्रवाई की थी। बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर ने आज जारी आदेश में राजपुर थाना प्रभारी चंदन सिंह को पुलिस लाइन पदस्थ करते हुए बसंतपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह को राजपुर का थाना प्रभारी बनाया है। रघुनाथनगर थाना प्रभारी जितेंद्र सोनी को बसंतपुर थाना प्रभारी एवं चांदो थाना प्रभारी दुवेंद्र टेकाम को रघुनाथनगर थाना प्रभारी बनाया गया है।


