चंडीगढ़ में अंबाला के ज्वेलर से ₹1.42 करोड़ पकड़े:1 किलो सोना भी जब्त; कार से जा रहा था, डॉक्यूमेंट नहीं दिखा पाया

चंडीगढ़ पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार से एक किलो 214 ग्राम सोना और 1.42 करोड़ कैश बरामद किया है। यह कार्रवाई कॉलोनी नंबर-4 लाइट पॉइंट के पास लगाए गए नाके पर हुई। इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने कार को रूटीन जांच के लिए रोका था। कार ड्राइवर से जब सोने और कैश को लेकर दस्तावेज मांगे गए तो वह जवाब नहीं दे पाया। उसने बताया कि वह अंबाला का रहने वाला है और उसकी ज्वेलरी शॉप है। वह आभूषणों की डिलीवरी देने के लिए चंडीगढ़ आया था। पुलिस ने ज्वेलर को हिरासत में ले लिया। साथ ही इनकम टैक्स विभाग को सूचना दे दी। जानिए इंस्पेक्टर ने कैश-सोना बरामदगी पर क्या कहा… होंडा अमेज कार से जा रहा था
इंडस्ट्रियल एरिया थाने के इंस्पेक्टर सतनाम सिंह ने बताया कि रविवार को नियमित चेकिंग के दौरान एक काले रंग की होंडा अमेज कार को रोका गया। पुलिस टीम ने जब कार की तलाशी ली, तो उसके अंदर से भारी मात्रा में सोना और कैश बरामद हुआ। कार चालक की पहचान अंबाला निवासी जगमोहन जैन के रूप में हुई है, जो कि एक ज्वेलर है। सोने-कैश के दस्तावेज पेश नहीं कर पाया
प्राथमिक पूछताछ में कार चालक सोने और कैश से जुड़े कोई भी वैध दस्तावेज मौके पर पेश नहीं कर सका। बरामद सोने पर 9999 फाइन गोल्ड, 100 ग्राम, 50 ग्राम और 1 औंस के गोल्ड बार की मार्किंग पाई गई है। इसके साथ ही 1 करोड़ 42 लाख रुपए का कैश भी बरामद हुआ। सप्लाई कर लौट रहा था
पूछताछ में जगमोहन ने बताया कि अंबाला में उसकी ज्वेलरी शॉप है। इसके अलावा वह आभूषण सप्लाई का काम भी करता है। रविवार को वह चंडीगढ़ के सेक्टर 22, 8 समेत अन्य जगहों पर आभूषणों की सप्लाई करने आया था। माल देने के बाद वह वापस जा रहा था कि रास्ते में पुलिस ने उसे रोक लिया। लेन-देन की जांच कर रहे
इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत इनकम टैक्स विभाग को सूचना दे दी है। अब यह जांच की जा रही है कि सोना और कैश कहां से लाया गया था और कहां ले जाया जा रहा था। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या इसका संबंध हवाला कारोबार, टैक्स चोरी या किसी अन्य अवैध वित्तीय लेनदेन से तो नहीं है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *