चंडीगढ़ शहर में कल 25 दिसंबर को सेक्टर 38 में एक रुपए में कंप्यूटर, एलसीडी और वाशिंग मशीन समेत अन्य जरूरत का सामान मिलने जा रहा है। एक रुपए स्टोर के नाम से नगर निगम की तरफ से यह एक दिवसीय स्टोर खोला जा रहा है। जिसमें जरूरतमंदों को यह सामान मुहैया करवाया जाएगा। नगर निगम की तरफ से पहले भी इस तरह के आयोजन किए जाते हैं और पिछले कई वर्ष से सस्ता सामान मुहैया करवाया जा रहा है। नगर निगम की मेयर हरप्रीत कौर बबला कहती हैं कि इससे शहर के जरूरतमंद लोगों को जरूरत का सामान मुहैया हो जाता है। घरों से आता है फालतू पड़ा हुआ सामान शहर निवासी घर में पड़ें हुए फालतू कपड़े, इलेक्ट्रानिक सामान, कंप्यूटर, एलसीडी, गर्म कपड़े आदि सामान नगर निगम के कलेक्शन सेंटर पर पहुंचाते हैं। कपड़ों को साफ करवाकर और सामान की मरम्मत कर प्रत्येक वर्ष इसे एक रुपए स्टोर के नाम से डिस्पले कर दिया जाता है और लोगों को जिस चीज की जरूरत होती है वह इसे ले जाते हैं। इससे नगर निगम को भी आमदनी भी होती है। नगर निगम की तरफ से लगाए जाने वाले एक रुपया स्टोर की शुरुआत 10:45 मिनट से हो जाएगी। इसका उद्घाटन मेयर हरप्रीत कौर बबला की तरफ से किया जाएगा और नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार विशेष तौर पर शामिल रहेंगे।


