चंडीगढ़ में कर्मचारियों का प्रदर्शन:समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग, 31 मार्च तक जारी रहेगा विरोध

चंडीगढ़ में सरकारी कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज हो गया है। जीएमसीएच ज्वाइंट एक्शन कमेटी ने कोऑर्डिनेशन कमेटी के बैनर तले प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। अस्पताल के गेट नंबर 4 पर विभिन्न विभागों के सैकड़ों कर्मचारियों ने एकजुट होकर चंडीगढ़ प्रशासन का पुतला फूंका। ज्वाइंट एक्शन कमेटी के प्रधान सुखबीर सिंह के अनुसार, रेगुलर और आउटसोर्स कर्मचारियों की कई महत्वपूर्ण मांगें वर्षों से अनसुनी हैं। इनमें आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए सुरक्षा नीति, पीजीआई की तर्ज पर समान कार्य के लिए समान वेतन, डीसी रेट में विसंगतियों को दूर करना और बंद मेडिकल सुविधाओं की बहाली प्रमुख हैं। साथ ही लंबित वेतन, बोनस का भुगतान और बोनस एक्ट 1965 (संशोधन 2015) को लागू करने की मांग भी शामिल है। कोऑर्डिनेशन कमेटी के महासचिव राकेश कुमार ने बताया कि प्रशासन को कई पत्र लिखे गए और बैठक की गईं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसलिए 7 दिसंबर 2024 को मुलाजिम कन्वेंशन में प्रदर्शन का निर्णय लिया गया था। यह विरोध प्रदर्शन 31 मार्च तक चंडीगढ़ के विभिन्न विभागों में जारी रहेगा। अगर मांगें नहीं मानी गई तो 8 अप्रैल 2025 को हजारों कर्मचारी यूटी सचिवालय का घेराव करेंगे और बड़े पैमाने पर प्रशासन का पुतला दहन करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *