चंडीगढ़ में घर बैठे होगा 11वीं में एडमिशन:प्रशासन ने ऑनलाइन प्रोस्पेक्टस किया जारी, 42 सरकारी स्कूलों में प्रक्रिया लागू होगी

चंडीगढ़ के सरकारी स्कूलों में अब 11वीं कक्षा में दाखिला पूरी तरह ऑनलाइन किया जाएगा। इसको लेकर मंगलवार को प्रशासन ने नया केंद्रीय प्रोस्पेक्टस जारी किया। इस ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया की शुरुआत यूटी के चीफ सेक्रेटरी राजीव वर्मा ने की। यह सुविधा चंडीगढ़ के 42 सरकारी स्कूलों में लागू होगी। जिसमें छात्र अब मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए घर बैठे ही आवेदन कर सकेंगे। प्रोस्पेक्टस में साफ तौर पर यह बताया गया है कि आवेदन की तारीखें क्या होंगी, कौन से दस्तावेज जरूरी होंगे, फीस कितनी लगेगी और कौन-कौन से छात्र एडमिशन के लिए योग्य होंगे? साथ ही इसमें यह भी बताया गया है कि किस तरह से स्टेप-बाय-स्टेप आवेदन करना है। NIELIT संभालेगा ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया इस बार की ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया को नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (NIELIT) संभालेगा। इसका मकसद है कि दाखिले की प्रक्रिया में कोई गड़बड़ी या भेदभाव न हो और सभी छात्रों को एक जैसा मौका मिले। इस प्रणाली के तहत छात्र अपना फॉर्म भरने से लेकर रिजल्ट और एडमिशन कन्फर्मेशन तक की पूरी जानकारी ऑनलाइन देख सकेंगे। प्रोस्पेक्टस में चंडीगढ़ शिक्षा विभाग की उपलब्धियों को भी दर्शाया गया है और बताया गया है कि किस तरह यहां के स्कूलों में बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया जाता है। पढ़ाई के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और आधुनिक तकनीकों के जरिए छात्रों को भविष्य के लिए तैयार किया जा रहा है। प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी और आसान बनाने के इस प्रयास को लेकर शिक्षा सचिव प्रेरणा पुरी, डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन हरसुहिंदर पाल सिंह बराड़ और अन्य अधिकारी भी इस मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने सभी अभिभावकों और छात्रों से अपील की है कि वे समय पर आवेदन करें और इस ऑनलाइन व्यवस्था का पूरा लाभ उठाएं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *