चंडीगढ़ में नशे के खिलाफ 3 मई को मेगा वॉक:प्रशासक कटारिया बोले- शहर को ड्रग-फ्री बनाने का संकल्प, पंजाब-हरियाणा सीएम आएंगे

चंडीगढ़ में 3 मई को “नशा मुक्त चंडीगढ़” के लिए एक मेगा वॉक का आयोजन होगा। प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के साथ इस मेगा वॉक में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी भी शामिल होंगे। कटारिया ने बताया कि नशे के खिलाफ यह अभियान पूरी तरह से जागरूकता, शिक्षा और सख्त प्रवर्तन पर आधारित होगा। उन्होंने कहा कि यह वॉक युवाओं को नशे से दूर रखने और एक स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करेगा। इस मेगा वॉक में लगभग 2,500 छात्र और 1,500 कॉलेज छात्र शामिल होंगे, जो चंडीगढ़ के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों से निकलकर तिरंगा अर्बन पार्क, सेक्टर 17 में एकत्रित होंगे। नहीं करने देंगे नशे का कारोबार प्रशासक ने बताया कि इस वॉक में चंडीगढ़ के सरकारी स्कूलों और कॉलेजों के छात्रों के अलावा, खेल जगत के सम्मानित व्यक्ति, पूर्व सैनिक, आरडब्ल्यूए के सदस्य और चंडीगढ़ प्रशासन के कर्मचारी भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में लगभग 5,500 लोग हिस्सा लेंगे और सभी एक संकल्प लेंगे कि वे नशे से दूर रहेंगे और किसी को भी नशे का कारोबार करने नहीं देंगे। इसके अलावा, जीवन का वृक्ष नामक एक थीम आधारित गतिविधि शुरू की गई है, जिसमें स्कूलों में नशे के खिलाफ प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। छात्रों को नशे से मुक्ति के संदेश को फैलाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। “वडा” (विक्ट्री अगेंस्ट ड्रग एब्यूज) नामक एक सप्ताह लंबा राज्यस्तरीय अभियान भी शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य नशे की लत से मुक्ति और स्वस्थ समाज की ओर अग्रसर होना है। यह अभियान डीएसएसएस, धनास से शुरू हुआ, जिसमें छात्रों द्वारा नशे के खिलाफ पोस्टर और स्लोगन लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गई हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *