चंडीगढ़ में साइबर ठगी के मामलों पर रोक नहीं लग पा रही। ताजा मामला पुलिस के एएसआई है, जिससे ठगों ने 4 लाख रुपए हड़प लिए। एएसआई ने डिज्नी प्लस हॉटस्टार रिचार्ज करने के लिए गुगल से कस्टमर केयर का नंबर सर्च कर उस पर बात की थी। ठगों ने उसके बैंक खाते से 3 लाख 90 हजार रुपए निकाल लिए। चंडीगढ़ पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-40 के रहने वाले ओम प्रकाश ने बताया कि वह अपने टीवी पर डिज्नी प्लस हॉटस्टार चैनल देख रहे थे। इस दौरान उन्हें तीन महीने की सदस्यता के लिए 149 रुपये का रिचार्ज ऑफर दिखाई दिया। ओम प्रकाश ने स्क्रीन पर दिखाए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर गूगल पे एप के जरिए भुगतान कर दिया, लेकिन रिचार्ज के बावजूद भी चैनल नहीं चला। ऐसे हुआ ठगी का शिकार ओम प्रकाश ने पुलिस को बताया कि चैनल न चलने के बाद उन्होंने गूगल पर सर्च कर कस्टमर केयर का नंबर निकाला और उस नंबर पर कॉल की। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने खुद को ग्राहक सेवा केंद्र का प्रतिनिधि बताया और जानकारी देने के बहाने ओम प्रकाश से उनका ईमेल पासवर्ड पूछ लिया। 37 मिनट पर उलझाए रखा ठग ने उन्हें करीब 37 मिनट तक कॉल पर उलझाए रखा और टीवी को ‘रिफ्रेश’ करने की सलाह दी। फिर ठग ने कहा कि कुछ दिनों से जियो-हॉटस्टार सेवा में बदलाव किया गया है, उसी कारण कुछ दिक्कतें आ रही हैं। ऐसे ही आरोपी कस्टमर केयर वाला ओम प्रकाश को उलझाता रहा और इस बीच उसने खाते से पैसों की ट्रांजैक्शन कर ली। जब ओम प्रकाश के पास मैसेज आया तो उन्हें पता चला कि दो अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए उनके खाते से कुल 3 लाख 90 हजार रुपए निकाले जा चुके थे।


