चंडीगढ़ में 10 साल की बच्ची सरकारी शौचालय में शौच करने गई थी, जहां पहले से ही छिपे आरोपी ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ छेड़छाड़ व अश्लील हरकतें की। बच्ची की चीख सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और उसे आरोपी के चंगुल से छुड़वाया। लोगों ने आरोपी को पकड़कर पीटा और फिर पुलिस को सूचना दी। थाना मौली जागरण पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पीड़िता के साथ छेड़छाड़ हुई या रेप इसका पता मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद चलेगा। नशे की हालत में था आरोपी
स्थानीय लोगों ने बताया कि बच्ची अपने माता-पिता के साथ रहती है और मंगलवार को शौच के लिए सरकारी शौचालय में गई थी। उसे अंदाजा नहीं था कि आरोपी पहले से ही अंदर छिपा हुआ है। जैसे ही बच्ची अंदर गई, आरोपी ने उसे पकड़ लिया। उसने शराब पी रखी थी, जिससे उसके मुंह से तेज बदबू आ रही थी। बच्ची ने खुद को बचाने के लिए जोर से चीखना शुरू कर दिया, जिसे पास से गुजर रहे एक शख्स ने सुना। उसने अन्य लोगों को बुलाया, जिसके बाद आरोपी को बाथरूम के अंदर से पकड़कर बाहर निकाला गया और बच्ची को छुड़वाया गया। इलाके में तैनात की गई पुलिस
घटना के बाद मौके पर एरिया डीएसपी विजय सिंह पहुंचे और पूरी घटना का जायजा लिया। इलाके की वीडियोग्राफी करवाई गई और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया। डीएसपी विजय सिंह ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल अस्पताल में कराया जा रहा है।


