पीजीआई चंडीगढ़ के नर्सिंग इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एजुकेशन (NINE) में नर्सिंग छात्रा के हॉस्टल से लापता होने के मामले में बड़ी लापरवाहियां सामने आई हैं। यह आरोप पीजीआई कॉन्ट्रैक्ट वर्कर यूनियन की ज्वाइंट एक्शन कमेटी के चेयरमैन अश्वनी कुमार मुंजाल ने लगाए हैं। उन्होंने बताया कि सूचना के अधिकार (RTI) के तहत मांगी गई जानकारी में पीजीआई प्रशासन ने माना कि NINE के मेन गेट पर लगे CCTV कैमरे खराब थे, इसलिए फुटेज उपलब्ध नहीं है। मुंजाल ने बताया कि 22-23 जुलाई 2025 की रात एक नर्सिंग छात्रा हॉस्टल की दीवार फांदकर बाहर चली गई थी और पूरी रात गायब रहने के बाद अगले दिन सुबह 10 से 11 बजे के बीच लौटी। इस मामले को लेकर उन्होंने RTI में CCTV फुटेज और शिकायत की कॉपियां मांगी थीं, लेकिन प्रशासन ने कैमरों के खराब होने की बात कहकर जानकारी देने से इनकार कर दिया। RTI में पूछे गए सवाल हॉस्टल परिसर की फुटेज पर कोई जवाब नहीं
चेयरमैन अश्वनी कुमार मुंजाल ने बताया कि पीजीआई प्रशासन ने सिर्फ इतना कहा कि “मेन गेट का CCTV कैमरा खराब था।” लेकिन हॉस्टल परिसर में लगे कैमरों की फुटेज पर कोई जवाब नहीं दिया गया। इससे गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर इतने संवेदनशील स्थान पर लगे कैमरे क्यों खराब थे। यह भी आशंका जताई जा रही है कि कहीं महत्वपूर्ण सबूत छुपाने के लिए जानकारी नहीं दी जा रही।


