भास्कर न्यूज | चन्दवारा थाना क्षेत्र के महतोआहरा रामपुर बसरिया मुख्य मार्ग पर रविवार की सुबह करीब 6 बजे शिवम आयरन फैक्ट्री के पास से पुलिस ने एक अज्ञात युवक का अधजला शव बरामद किया गया है। शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया गया कि युवक की मौत बीती रात किसी फैक्ट्री में काम के दौरान हुई दुर्घटना से हो सकती है। मृतक के गले पर दबाने के निशान भी मिले हैं। मौके पर डीएसपी रतिभान सिंह भी पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल की जांच की। शव के पास से एक मोबाइल और बाइक की नंबर प्लेट मिली। नंबर प्लेट पर जेएच 12 एम 4934 लिखा था। जांच में पता चला कि यह नंबर चंदवारा थाना क्षेत्र के भोंडो गांव निवासी 25 वर्षीय अजय साव की बाइक का है। पुलिस जब अजय साव के घर पहुंची तो जानकारी मिली कि वह शनिवार रात करीब 11:30 बजे घायल अवस्था में घर लौटा था। परिजन ने उसे निजी वाहन से झुमरीतिलैया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डीएसपी रतिभान सिंह अस्पताल पहुंचे और घायल अजय साव से पूछताछ की। डीएसपी ने कहा कि शव मिलने और अजय साव के घायल होने के बीच कोई संबंध है या नहीं, यह कहना अभी जल्दबाजी होगी। मामले की जांच जारी है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ होगी।


