पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर शहर में एक बार फिर चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। शहर के एनएच 75ई मुख्य सड़क किनारे स्थित एक मोबाइल दुकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब ढाई लाख रुपए मूल्य के मोबाइल फोन चुरा लिए हैं। यह घटना बीती रात की बताई जा रही है। छत काट कर दुकान में घुसा चोर चोरों ने पलक सलूजा की दुकान की छत का काटकर अंदर प्रवेश किया। वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के तार काट दिए, ताकि उनकी पहचान न हो सके। हालांकि, दुकान के बाहर लगे कैमरे ने पूरी घटना को कैद कर लिया है। फुटेज में चोरों की गतिविधियों को साफ तौर पर देखा जा सकता है। ढाई लाख के 10 मोबाइल ले गए चोर जानकारी के अनुसार, चोरों ने दुकान से डमी मोबाइल फोन को बाहर फेंक दिया और असली 8 से 10 महंगे स्मार्टफोन लेकर फरार हो गए। अनुमान है कि चोरी गए मोबाइल की कीमत करीब ढाई लाख रुपए के आसपास है। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी अवधेश कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी है। दुकान के मालिक और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने शुरू कर दिए हैं। इसी तरह ज्वैलरी दुकान में हुई थी चोरी चक्रधरपुर में यह कोई पहली वारदात नहीं है। कुछ ही दिन पहले गुदड़ी बाजार स्थित एक सोने-चांदी की दुकान में भी इसी तरह की चोरी की गई थी। उस मामले में भी चोरों ने दुकान की छत का छत काटकर अंदर प्रवेश किया था और जेवरात चुराए थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उस मामले में एक नाबालिग सहित दो महिला चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


