चक्रधरपुर में सड़क चौड़ीकरण का विरोध:38 करोड़ की योजना से 47 मकानों पर विस्थापन का संकट, ग्रामीणों का नोटिस लेने से इनकार

पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत बोडदा गांव में 38 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली सड़क चौड़ीकरण योजना का ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। उलीडीह मोड़ से चैनपुर चौक होते हुए चार मोड़ तक लगभग 14 किलोमीटर लंबी इस सड़क के लिए भूमि अधिग्रहण नोटिस जारी होने के बाद ग्रामीणों में असंतोष है। जिला भू-अर्जन विभाग द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, सड़क के मध्य से दोनों ओर 26-26 फीट भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। इस अधिग्रहण से बोडदा गांव के 47 ग्रामीणों के मकान प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने नोटिस लेने से इनकार कर दिया है। वर्षों की मेहनत से अपने घर बनाए हैं: ग्रामीण गांव के मुखिया साहेब हेंब्रम के नेतृत्व में ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि यदि वर्तमान योजना के तहत भूमि अधिग्रहण होता है, तो पूरा गांव विस्थापित हो जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने वर्षों की मेहनत से अपने घर बनाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे विकास के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन ऐसा विकास स्वीकार्य नहीं है जिससे वे बेघर हों। उन्होंने सरकार से मांग की है कि गांव को बचाते हुए बाईपास मार्ग का निर्माण किया जाए, ताकि विकास भी हो और उनके घर भी सुरक्षित रहें। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मुलाकात करेगा। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने इस मामले में कोई ठोस समाधान नहीं निकाला, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *