चचेरे भाई की हत्या का VIDEO:सोनीपत में नशे के लिए ₹200 मांग रहा था, इनकार किया तो सीने में चाकू घोंपा

हरियाणा के सोनीपत में सोमवार रात एक युवक ने अपने चचेरे भाई की छाती में चाकू घोंपकर हत्या कर दी। युवक चचेरे भाई से नशे के लिए 200 रुपए मांग रहा था। जब उसने पैसे देने से मना कर दिया तो उनका झगड़ा हुआ। गुस्से में आकर चचेरे भाई ने उसके थप्पड़ मार दिया था, जिसके बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। इस वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक चचेरे भाई को चाकू मारता दिख रहा है। पुलिस ने परिवार की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। मृतक की पहचान सुंदर सावरी की डेहा बस्ती के रहने वाले विजय कश्यप के रूप में हुई है। वह मारुति की एजेंसी में कार वॉशिंग करता था। आरोपी उसका चचेरा भाई आशु कश्यप है। वारदात के बाद से ही वह फरार है। सुबह कहासुनी हुई, भाभी ने छुड़ाए
डेहा बस्ती के ही रहने वाले सोनू कश्यप ने बताया कि वह दिल्ली में बिजली की दुकान पर काम करता है। उसके परिवार में 2 भाई और एक बहन है। सोमवार को दिन में मेरे छोटे भाई विजय और चचेरे भाई आशु के बीच रुपयों के लेन-देन को लेकर कहासुनी हुई थी। उस समय मेरी पत्नी सोनी ने दोनों के बीच मामला शांत करा दिया था। सोनू ने बताया कि रात करीब 8.30 बजे विजय अपने दोस्त मोनू के साथ गली में पवन की दुकान के पास खड़ा था। मैं भी वहीं मौजूद था। इसी दौरान आशु वहां आया और विजय से नशे के लिए 200 रुपए मांगने लगा। घर जाकर चाकू लेकर आया
सोनू का कहना है कि इसी दौरान दुकान के पास ही दोनों के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई। हालांकि, तब भी मामला निपट गया, लेकिन आशु नहीं माना। वह घर गया और चाकू लेकर वापस आया। उसने दोबारा विजय से कहासुनी शुरू कर दी। विजय ने विरोध किया तो आशु ने उसकी छाती में चाकू घोंप दिया। चाकू लगने के बाद विजय नाली में गिर गया। इसके बाद आशु वहां से चाकू लेकर भाग गया। मैंने शोर मचाया तो परिवार के अन्य लोग मौके पर आ गए। हमने विजय की खून से सनी कमीज (शर्ट) बदली और उसे सिविल अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया
इसके बाद परिजनों ने डायल-112 पर कॉल कर घटना की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। सोनू के बयान पर थाना सिविल लाइन में धारा 103(1) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फोरेंसिक टीम और फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *