चतरा जिले के टंडवा क्षेत्र में रविवार रात एक अनियंत्रित हाइवा की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना टंडवा-सिमरिया-चतरा मुख्य मार्ग पर किशुनपुर के पास रात करीब 8 बजे हुई। हादसे के बाद से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और उन्होंने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जो अगले दिन सोमवार को भी जारी रहा। इससे कोयला ढुलाई पूरी तरह ठप हो गई है। गोदावरी कोल ट्रांसपोर्टिंग के एक हाइवा ने किशुनपुर निवासी विनोद राम उर्फ चरका को टक्कर मार दी। विनोद राम सेरनदाग बाजार से काम निपटाकर अपने घर लौट रहे थे और घर से कुछ ही मीटर दूर थे, तभी तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। विनोद राम की हालत गंभीर हादसे में युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। टंडवा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया है। विनोद राम की हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना के विरोध में ग्रामीणों ने रविवार रात से ही मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। परिजनों के समर्थन में जेएमएम जिलाध्यक्ष नीलेश ग्यासेन, जिला कोषाध्यक्ष नितेश राणा और बसपा नेता रामावतार राम मौके पर मौजूद हैं। जेएमएम जिलाध्यक्ष नीलेश ग्यासेन ने स्पष्ट किया है कि जब तक घायल के इलाज का पूरा खर्च और उचित मुआवजा नहीं मिल जाता, तब तक जाम नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि घायल व्यक्ति एक गरीब परिवार से है और कंपनी की लापरवाही का खामियाजा एक निर्दोष को भुगतना पड़ रहा है। गोदावरी कोल हाइवा की बेतरतीब रफ्तार ने आम लोगों का पैदल चलना भी दूभर कर दिया है। खबर लिखे जाने तक चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग पर कोयला ढुलाई पूरी तरह बाधित है। पुलिस प्रशासन और कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ वात्र्ता का दौर जारी है, लेकिन ग्रामीण ठोस आश्वासन के बिना हटने को तैयार नहीं हैं।


