चतरा के इटखोरी में विजयदशमी के दिन एक युवक बक्शा नदी में बह गया। यह घटना इटखोरी थाना क्षेत्र के नंगवा पुल के पास हुई। लापता युवक की पहचान इटखोरी निवासी 30 वर्षीय सोनू कुमार पुत्र अशोक शर्मा के रूप में हुई है। यह हादसा उस समय हुआ, जब सोनू कुमार पुल के पास बने स्पिलवे को पार करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे नदी की तेज धार में जा गिरे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और इटखोरी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल स्थानीय स्तर पर खोजबीन शुरू की। इस दौरान नदी से युवक की चप्पल बरामद हुई, लेकिन सोनू का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि युवक की तलाश तेज करने के लिए महराजगंज से गोताखोरों की एक विशेष टीम बुलाई गई है। गोताखोरों की टीम नदी में उतरकर युद्धस्तर पर लापता युवक की तलाश कर रही है। थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने जानकारी दी कि नदी का बहाव तेज होने के कारण खोजबीन में कुछ दिक्कतें आ रही हैं। हालांकि, पुलिस और गोताखोरों की टीम संयुक्त रूप से लापता युवक की तलाश में लगातार जुटी हुई है।


