चतरा जिले के पत्थलगड़ा थाना क्षेत्र में एक 21 वर्षीय युवती का शव कुएं से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान नावाडीह गांव निवासी कुलेश्वर तुरी की बेटी काजल कुमारी के रूप में हुई है। काजल 26 जनवरी, गणतंत्र दिवस के दिन से लापता थी। परिजन पिछले छह दिनों से उसकी तलाश कर रहे थे। आज ग्रामीणों ने घर के पास स्थित एक कुएं में युवती का शव तैरते हुए देखा। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना की जानकारी मिलते ही पत्थलगड़ा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया गया। आत्महत्या नहीं, हत्या कर फेंका गया शव शव मिलने के बाद परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से साफ इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि जिस स्थिति में शव मिला है, वह आत्महत्या की ओर इशारा नहीं करता। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि काजल की कहीं और हत्या की गई और सबूत मिटाने के लिए शव को कुएं में फेंक दिया गया। परिजनों का यह भी कहना है कि काजल के लापता होने के बाद से ही कई सवाल खड़े हो रहे थे, लेकिन अब शव मिलने से संदेह और गहरा गया है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई थी, जिसे देखते हुए पुलिस को लोगों को समझाकर शांत कराना पड़ा। कॉल डिटेल्स खंगाल रही पुलिस थाना प्रभारी राकेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और आक्रोशित ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस गांव के कुछ लोगों से पूछताछ कर रही है और काजल के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स भी खंगाली जा रही हैं। एक 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत ने पत्थलगड़ा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


