भास्कर न्यूज | चतरा जिले में गणतंत्र दिवस को भव्य और गरिमामय ढंग से मनाने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला स्तरीय मुख्य समारोह जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां सुबह 9:05 बजे उपायुक्त कीर्तिश्री जी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इस अवसर पर आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा, जो जिले की सांस्कृतिक विरासत, विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को दर्शाएंगी। समारोह को लेकर स्टेडियम को भव्य रूप से सजाया गया है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों में भी झंडोतोलन किया जाएगा। समाहरणालय परिसर में सुबह 8:00 बजे उपायुक्त कीर्तिश्री जी ध्वजारोहण करेंगे। वहीं विकास भवन स्थित उप विकास आयुक्त कार्यालय में सुबह 10:40 बजे डीडीसी अमरेंद्र कुमार सिन्हा तिरंगा फहराएंगे।अनुमंडल कार्यालय, चतरा में सुबह 8:35 बजे अनुमंडल पदाधिकारी जहूर आलम द्वारा झंडोतोलन किया जाएगा। देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों और महापुरुषों को नमन करते हुए विभिन्न स्थलों पर माल्यार्पण कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। शहीद स्मारक, फांसी तालाब में सुबह 8:15 बजे, पोस्ट ऑफिस के पास बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर सुबह 8:25 बजे, तथा शहीद विनय भारती पार्क में सुबह 8:40 बजे श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके अतिरिक्त रेडक्रॉस कार्यालय में सुबह 8:30 बजे झंडोतोलन किया जाएगा।गणतंत्र दिवस के उत्सव को और भी रोचक बनाने के लिए जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दोपहर 1 बजे एक फैंसी क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया है। यह मैत्री मैच जिला प्रशासन इलेवन बनाम पत्रकार इलेवन के बीच खेला जाएगा, जिसे लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे कार्यक्रमों में सहभागिता कर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संविधान के मूल्यों को सुदृढ़ करें तथा गणतंत्र दिवस को उत्साह और अनुशासन के साथ मनाएं।


