चतरा में घर में घुसा पानी,पति-पत्नी को बहा ले गया:आज पलामू समेत 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; 3 दिन एक्टिव रहेगा मानसून

झारखंड में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। गुरुवार रात से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। शुक्रवार को भी अधिकतर हिस्सों में बारिश हुई। इससे हर जगह निचले इलाकों में पानी भर गया। बारिश ने चतरा के चार प्रखंड पत्थलगडा, गिद्धौर, कान्हाचट्‌टी और ईटखोरी में तबाही मचाई। जिले में पिछले 24 घंटे में 106 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे यहां बाढ़ जैसे हालात बन गए। करीब 600 घर पानी में घिर गए। नदियां उफना गईं। पुल के ऊपर से पानी बहने लगा। गिद्धौर के कटघरा गांव में नदी किनारे एक घर में पानी घुस गया। बहाव इतना तेज था कि घर में सो रहे पति-पत्नी को बहा ले गया। पति का शव पास के एक खेत में मिला। पत्नी की खोजबीन जारी है। तीन दिन सक्रिय रहेगा मानसून मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में अगले तीन दिन तक मानसून सक्रिय रहेगा। शनिवार को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रांची, खूंटी, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को भी पलामू और रांची के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30-40 किमी की रफ्तार से हवा चलेगी। ठनका भी गिर सकता है। वहीं 25 अगस्त को पश्चिमी और मध्य क्षेत्र में भारी बारिश की संभावना है। सरायकेला में कच्चा मकान ढहा, 2 की मौत, 6 गंभीर भारी बारिश के कारण सरायकेला के डांडू गांव में शुक्रवार को मिट्‌टी का कच्चा मकान ढह गया इसके मलबे में 10 लोग दब गए। ग्रामीणों ने राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से इन्हें एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान मकान मालिक संतोष लोहार की बहन शांति और उसके सात साल के बेटे प्रवीन की मौत हो गई। वहीं संतोष की पत्नी भानु, बेटी प्रतिमा व संध्या, बेटा शिवम और शांति की बेटी पूनम व संतोष का साला लक्ष्मण बिनधनी की हालत गंभीर है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *