चतरा में जुड़वां बच्चों के साथ जिंदा जली मां:दिल्ली में मजदूरी करता है पति, तनाव में रहने की आशंका

झारखंड के चतरा में शिवी देवी नाम की महिला ढ़ाई माह के जुड़वां बच्चों के साथ जल कर मर गई। आग लगने की यह घटना कैसे घटी है, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। बताया जा रहा है कि महिला अपने घर में बच्चों के साथ रहती थी। उसका पति दिलीप यादव दिल्ली में मजदूरी करता है। घटना जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के करिहारा गांव की है। इधर घटना की सूचना मिलते ही प्रतापपुर थाना के एसआई रंजीत कुमार और एएसआई विनोद कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने महिला और उसके दोनों शिशुओं प्रियांशु व दिव्यांशु के जले हुए शवों को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, चतरा भेज दिया। हत्या या आत्महत्या..जांच जारी जानकारी के मुताबिक महिला के ससुर घर पर छोटे-मोटे काम करते हैं। घटना के समय वह भी घर से बाहर थे। जब ससुर घर लौटे तो उन्होंने देखा कि बहू और उसके दोनों बच्चे जले हुए हालत में पड़े हैं। उन्होंने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद गांव के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद प्रतापपुर पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। इस दर्दनाक घटना को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। आशंका इस बात की भी लगाई जा रही है कि महिला ने स्ट्रेस में आ कर कदम उठाया होगा। हांलाकि महिला ने अपने बच्चों के साथ आत्महत्या की, या फिर यह कोई दुर्घटना थी, या फिर किसी ने साजिश के तहत उसे जलाया, इस बारे में अभी तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की मानें तो वे सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रहे हैं। चार साल पहले हुई थी शादी जानकारी के मुताबिक महिला की शादी चार साल पहले हुई थी। ढ़ाई महीने पहले उसने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया था। इस घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं महिला के पति को घटना की जानकारी दे दी गई है। बताया जा रहा है कि वह भी जल्द ही गांव पहुंचने वाला है। वहीं मामले की छानबीन में पुलिस जुटी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *