चतरा में दो बाइक की आमने-सामने टक्कर:तीन युवक गंभीर रूप से घायल, एक की हालत नाजुक; हजारीबाग रेफर

चतरा जिले के पत्थलगड़ा थाना क्षेत्र में नोनगांव मोड़ के पास दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तत्काल हजारीबाग रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, सिमरिया थाना क्षेत्र के सोहर गांव निवासी अर्जुन भुइंया और रंजीत भुइंया बलबल मेले से लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे गिद्धौर के तिलैया निवासी विनोद गंझू की बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक को भारी नुकसान पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक युवक की पैर की हड्डी टूट गई है, जबकि दूसरे के सिर में अंदरूनी चोट लगी है। तीसरे युवक के हाथ, पैर और जांघ की हड्डियां कई जगह से टूट गई हैं। विनोद गंझू के साथ बाइक पर सवार एक छोटी बच्ची इस दुर्घटना में पूरी तरह सुरक्षित है। इधर, हादसे की सूचना मिलते ही पत्थलगड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एम्बुलेंस बुलाकर सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। तीनों घायलों की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। उनके परिजन अस्पताल पहुंच गए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोड़ और भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहन की गति नियंत्रित रखें ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *