भास्कर न्यूज । चतरा मानदेय की मांग को लेकर सोमवार से पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के दैनिक कर्मी अनिश्चित कालीन हड़ताल पर चले गए हैं। कर्मियों के हड़ताल पर जाने से शहर में पेयजलापूर्ति ठप हो गई है। इससे लोगों में पेयजल की समस्या उत्पन्न हो जाएगी। पानी के लिए लोगों को गर्मी में लू के थपेड़ों के बीच इधर उधर भटकना पड़ेगा। उल्लेखनीय है कि शहरी जलापूर्ति के लिए फिल्टर प्लांट हेरु डैम और टंकी में कार्यरत दैनिक कर्मी का छह माह से मानदेय बकाया है। मानदेय नहीं मिलने से मानदेय कर्मी रूष्ट थे। मानदेय की मांग को लेकर कर्मी पिछले 5 मई को विभाग के कार्यपालक अभियंता को आवेदन दिया था, इसमें स्पष्ट रुप से लिखा था कि 11 मई तक मानदेय का भुगतान कराया जाए, अन्यथा 12 मई से सभी कर्मी हड़ताल पर चले जाएंगे। लेकिन विभाग के अधिकारी कर्मियों की मांग पर ध्यान नहीं दिया। इससे नाराज कर्मी हड़ताल पर चले गए हैं। कर्मी सुधीर तिर्की ने बताया कि हम सभी 12 कर्मी हैं। इनमें नौ कर्मी फिल्टर प्लांट और तीन कर्मी टंकी पर कार्यरत हैं। हमलोगों का मानदेय पिछले छह माह से बकाया है। इनमें पुराना संवेदक अरुण सिंह से दो माह एवं नया संवेदक से चार माह का मानदेय नहीं मिला है। जिसके कारण हमलोगों का आर्थिक स्थिति बहुत खराब है । इसके कारण घर चलाने में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि जब तक पूरा मानदेय नहीं मिलेगा तब तक हड़ताल पर रहेंगे। हड़ताल पर गए कर्मियों ने प्लांट में ताला लगा कर मानदेय देने की मांग कर रहे हैं। प्लांट पर छोटू बाड़ा,जोसेफ तिर्की, आलोक लकड़ा, सुधीर तिर्की, किशोर तिर्की, आकाश एक्का, अनमोल लकड़ा और जीवन लकड़ा आदि कार्य करते हैं।


