चतरा जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र में पुलिस और कुख्यात अपराधी राहुल सिंह गिरोह के सदस्यों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। घटना कारो मैदान के नजदीक उस वक्त हुई, जब पुलिस टीम को एक कोयला कारोबारी पर हमले की सूचना मिली थी। इसके बाद चतरा पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल के निर्देश पर इलाके में विशेष निगरानी बढ़ा दी गई। सीमावर्ती इलाकों में देर रात तक सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम जैसे ही कारो मैदान के पास पहुंची, घात लगाए बैठे अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी बिना देर किए जवाबी कार्रवाई की और दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं। फायरिंग में घायल हुआ जुबेर अंसारी, पिस्टल बरामद मुठभेड़ के दौरान राहुल सिंह गिरोह के सक्रिय सदस्य जुबेर अंसारी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने तुरंत उसे अपनी सुरक्षा में लिया और रांची के रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल भी बरामद की है, जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा। शुरुआती जांच में पता चला कि यह गिरोह इलाके में कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के लिए सक्रिय था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कोयला कारोबारी पर हमला सुनियोजित तरीके से किया गया था या किसी पुराने विवाद का नतीजा था। मुठभेड़ की जानकारी मिलते ही आसपास रहने वाले लोग दहशत में हैं। सुबह तक पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई। जंगलों में सर्च ऑपरेशन तेज, एसपी ने की पुष्टि चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने देर रात हुई मुठभेड़ की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घायल जुबेर अंसारी को पकड़ने के बाद गिरोह के अन्य सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस टीम ने तुरंत इलाके को घेरते हुए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। सीमावर्ती क्षेत्रों, जंगलों और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है। एसपी के अनुसार गिरोह के सदस्यों की पहचान की जा चुकी है। जल्द ही सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाने को दें। मुठभेड़ के बाद पूरे पिपरवार क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस टीमें लगातार गश्त कर रही हैं।


