चतरा में सड़क हादसा; IRB जवान की मौत:बोलेरो का टायर फटा, बेकाबू हो दुकान में घुसी, ड्यूटी से लौटते वक्त हुआ हादसा

चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र में देर शाम सड़क हादसे में आईआरबी (IRB) के जवान की मौत हो गई। हादसा बारियातु गांव के पास हुआ। जहां बेकाबू बोलेरो सड़क किनारे एक दुकान में जा घुसी। मृतक की पहचान 26 वर्षीय अनिल कुमार के रूप में हुई है। वे हंटरगंज थाना क्षेत्र के पांडेयपुरा (करनी गांव) के रहने वाले थे। वर्तमान में उनकी तैनाती बलबल स्थित दस दिवसीय पशु मेले में सुरक्षा ड्यूटी पर थी। ड्यूटी पूरी करने के बाद वे बोलेरो वाहन से चतरा लौट रहे थे। टायर फटते ही बिगड़ा संतुलन प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही बोलेरो बारियातु गांव के पास पहुंची, अचानक वाहन का एक टायर फट गया। इससे चालक का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार बोलेरो पहले सड़क किनारे लगे मुनगा के पेड़ से टकराई। फिर पास ही स्थित बैजनाथ यादव की दुकान में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में जवान अनिल कुमार को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दो लोग फरार, पुलिस जांच में जुटी सूत्रों के अनुसार, बोलेरो में अनिल कुमार के अलावा दो अन्य लोग भी सवार थे, जो हादसे के तुरंत बाद मौके से फरार हो गए। वे कौन थे और जवान के साथ कहां जा रहे थे, यह फिलहाल जांच का विषय बना हुआ है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार या चालक की लापरवाही के कारण हुआ या नहीं। घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर वाहन जब्त कर लिया। आगे की कार्रवाई के लिए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। वहीं उनके पैतृक गांव करनी में भी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *