चतरा में 14 साल के किशोर की मिली बॉडी:सिर पर चोट के निशान, सोशल मीडिया में था लोकप्रिय, हादसा या हत्या में उलझी गुत्थी

चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय किशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मनातू–इमामगंज मुख्य मार्ग पर दुलकी पुल के पास बुधवार को शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान चरका खुर्द गांव निवासी अयान खान (पिता—एन्नुल खान) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही प्रतापपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर रील बनाकर था लोकप्रिय अयान खान सोशल मीडिया पर रील बनाकर काफी लोकप्रिय था। गांव और आसपास के लोग उसे एक प्रतिभाशाली और मिलनसार किशोर के रूप में जानते थे। उसके पास खुद का मोबाइल फोन नहीं था, लेकिन वह दोस्तों और परिचितों के मोबाइल से वीडियो बनाता था। उसकी बनाई रील्स को लोग काफी पसंद करते थे। कम उम्र में ही उसने सोशल मीडिया पर अपनी अलग पहचान बना ली थी। घटना की जानकारी डूमरवार पंचायत समिति सदस्य इस्तियाक खान को फोन पर मिली, जिन्होंने तुरंत अयान के परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि अयान का चेहरा खून से लथपथ था। उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने जैसे गहरे चोट के निशान थे। यह दृश्य देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसा या साजिश, पोस्टमॉर्टम से खुलेगा राज डूमरवार पंचायत के मुखिया रामजी पासवान ने आशंका जताई है कि घने कोहरे के कारण दृश्यता कम थी, जिससे किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *