चपरासी परीक्षा में महिला अभ्यर्थियों से उतरवाई लाख की चूड़ियां:पुरुषों को फुल स्लीव शर्ट उतरवाई, प्रग्नेंट महिला भी एग्जाम देने पहुंची

राजस्थान में चपरासी भर्ती परीक्षा के अंतिम दिन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच महिला अभ्यर्थियों से आभूषण और सुहाग की चूड़ियां उतरवाई। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को तीन स्तरीय जांच से होकर गुजरना पड़ा। कई केंद्रों पर महिलाओं के बालों तक की जांच मेटल डिटेक्टर से की गई। फुल स्लीव शर्ट पहनने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया गया। महिला अभ्यर्थियों को चुन्नी के बिना ही परीक्षा में बैठना पड़ा। चपरासी भर्ती परीक्षा के आखिरी दिन दूसरी पारी के लिए दोपहर 2:00 बजे परीक्षा केद्रों के दरवाजे बंद कर दिए गए। इसके बाद आने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं मिल सका‌। शाम 5:00 बजे तक दूसरी पारी का पेपर हुआ। तीसरे दिन परीक्षा संपन्न होने के बाद जयपुर के सिंधी कैंप बस स्टैण्ड पर त्योहार जैसा माहौल नजर आया। अभ्यर्थी लंबी दूरी की यात्रा भी रोडवेज बसों से जान जोखिम में डालकर करते नजर आए। रोडवेज बसों में एंट्री के लिए अभ्यर्थियों में जमकर धक्का मुक्की हुई। बता दें, जयपुर में नकल करते एक अभ्यर्थी के पकड़े जाने के बाद सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। जयपुर के गंगापोल स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में महिला अभ्यर्थियों को आभूषण और सुहाग की चूड़ियां उतारनी पड़ीं। जबकि मानसरोवर के परिष्कार कॉलेज में अभ्यर्थियों के गले और हाथ में पहने कलावा, धागा और चेन को काटकर निकलवाया गया। चूड़ी को लेकर नियमों पर कंफ्यूजन जयपुर में अपनी भाभी को परीक्षा दिलाने पहुंचे प्रदीप कुमार ने कर्मचारी चयन बोर्ड की गाइडलाइन का हवाला देते हुए बताया कि लाख की चूड़ियां पहनने की अनुमति है। हालांकि, अभय पारीक राजकीय सरकारी स्कूल में नियमों के विपरीत उनकी भाभी को चूड़ियां उतारने के लिए कहा गया, जो कि उचित नहीं है। हऐसी ही तस्वीर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गंगापोल सहित कई परीक्षा केंद्रों पर नजर आई, जहां महिला अभ्यर्थियों से लाख की चूड़ियां और गले का धागा तक उतरवाया गया। एसएससी में 48वीं रैंक प्राप्त करने के बाद भी दे रहे ये परीक्षा हालांकि सुरक्षा एजेंसियों ने जयपुर में एक नकल करते पकड़े गए अभ्यर्थी के बाद सतर्कता बढ़ा दी है। दोनों पारियों में कुल 8 लाख 23 हजार से अधिक अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। एक कोचिंग टीचर ने बताया कि उन्होंने एसएससी में अखिल भारतीय स्तर पर 48वीं रैंक हासिल की है और पुलिस भर्ती में भी चयन की उम्मीद है, लेकिन भविष्य की अनिश्चितता के कारण वे यह परीक्षा भी दे रहे हैं। महिला कैंडिडेट के पैन को लेकर स्टाफ ने ऑब्जेक्शन जताया बस्सी के बलराम स्कूल के सेंटर में महिला कैंडिडेट के पैन को लेकर स्टाफ ने ऑब्जेक्शन जताया। उन्होंने कहा कि पैन पारदर्शी होना चाहिए, इसे नहीं ले जा सकते। इसी सेंटर पर एक प्रेग्नेंट महिला भी एग्जाम देने पहुंची। पेपर एनालिसिस या ऑनलाइन-ऑफलाइन डिस्कशन नहीं कर सकेंगे राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) के अध्यक्ष आलोक राज ने बताया कि कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार का पेपर एनालिसिस या ऑनलाइन-ऑफलाइन डिस्कशन नहीं किया जा सकेगा। ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *