रायसेन | जिले में मौसम का मिजाज लगातार ठंडा बना हुआ है। न्यूनतम तापमान पिछले तीन दिन से 7 से 8 डिग्री के आसपास बना हुआ है। रात ढलते ही सिहरन बढ़ जाती है। सुबह भी तेज ठंड का असर बना रहता है। दिन में चटक धूप निकल रही है। सुबह की ठंड में ओस की बूंदें घास पर मोती उग आने जैसा आभास करा रही हैं। वहीं सुबह-शाम हल्की धुंध छाती है।घना कोहरा फिलहाल नहीं देखा गया। दृश्यता सामान्य बनी हुई है, इसलिए यातायात पर असर नहीं पड़ा। दिन निकलते ही हल्की–मीठी धूप ठंड से राहत देती है। मौसम खुशनुमा बना रहता है। दोपहर तक लोग बाहर निकलकर रोजमर्रा के काम निपटा रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में खास गिरावट की संभावना नहीं है।


