चरखी दादरी में करंट लगने से पंजाब निवासी ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई। सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पहुंचाया। मृतक की पहचान अमृतसर जिला निवासी करीब 49 वर्षीय परमजीत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पंजाब के अमृतसर जिले के अंजनाला तहसील के हरहर खुर्द निवासी परमजीत ट्रक ड्राइवर था। बीती रात वह ट्रक लेकर दादरी पहुंचा था। जहां गाड़ी मालिक के कमरे पर महेंद्रगढ़ चौक स्थित ऑटो मार्केट में कूलर चलाकर सो रहा था। इसी दौरान उसका हाथ कूलर से लग गया। कूलर में करंट आने के कारण वह उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह आसपास के लोगों को घटना को जानकारी मिली तो पुलिस को सूचना दी। सिविल अस्पताल में रखवाया शव जिसके बाद सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर चरखी दादरी के सिविल अस्पताल पहुंचाया। हेड कॉन्स्टेबल दीपक कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद उनके बयानों के आधार पर पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई करेगी।


