चरित्रसंदेह: 75 वर्षीय पति ने टांगी मार ली पत्नी की जान

भास्कर न्यूज | राजपुर ग्राम ठरकी में खनिज विभाग से सेवानिवृत्त 75 वर्षीय सर्वेयर थिभू केरकेट्टा ने अपनी 74 वर्षीय पत्नी माहेश्वरी की कुल्हाड़ी से गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। हत्या का कारण 15 साल पुराना एक संदेह बताया जा रहा है। वर्ष 2009 में थिभू केरकेट्टा ने विभाग के एक निजी मार्शल वाहन चालक को घर लाया था। उस रात उसने अपनी पत्नी को ड्राइवर के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा था। तब से पति पत्नी के चरित्र पर शक करता था। मृतका के बेटे 43 वर्षीय सुनील केरकेट्टा ने पुलिस को बताया कि बीती रात एक बजे उनकी बहन अंबिकापुर निवासी अनिता तिर्की ने फोन कॉल कर बताया कि पिता ने फोन पर उससे कहा कि टांगी से मारकर तेरी मां की हत्या कर दिया हूं। सूचना मिलते ही सुनील अपने घर से 150 मीटर दूर माता-पिता के घर पहुंचा। दरवाजा खुलवाया तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। मां कमरे के परछी में पलंग के नीचे जमीन पर खून से लथपथ पड़ी थीं। बायें कान के नीचे टांगी का गहरा घाव था और खून काफी बह चुका था। सुनील ने जब पिता से पूछा, ये क्या कर दिया, तो थिभू ने बेझिझक कहा, तेरी मां को मार डाला हूं। हत्या के बाद आरोपी ने सबसे पहले अपनी बेटी अनिता और बहू ललिता भगत को कॉल कर घटना की जानकारी दी थी। सूचना मिलते ही थाना राजपुर की पुलिस मौके पर पहुंची। मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी थिभू केरकेट्टा को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या का केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *