जबलपुर के माढ़ोताल में एक चर्च में रविवार को जमकर हंगामा हुआ। हिंदू संगठन के लोग यहां पहुंचे और प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण का आरोप लगाया। आरोपों के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ी और मारपीट होने लगी। मामला शिव शक्ति नगर के पास स्थित एक चर्च का है। हिंदू संगठन के लोगों का कहना है कि चर्च में मौजूद लोगों ने उन पर लोहे की रॉड और हॉकी से हमला कर दिया। पथराव भी किया। वहीं, चर्च में मौजूद लोगों का आरोप है कि हिंदू संगठन के कार्यकर्ता चर्च में घुसे और जय श्रीराम के जयकारे लगाने लगे। वहां रखी कुर्सियों को उछाल दिया। इसी के बाद चर्च में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा करने वाले दो युवकों को हिरासत में लिया। इसी के बाद हालात काबू में हुए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हिंदू संगठन के लोग बोले- चर्च में हमला किया
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11 बजे हिंदू सेवा परिषद के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली कि शिव शक्ति नगर के पास स्थित एक चर्च में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए हैं। इनमें कुछ हिंदू दूसरे जिले से आए हैं। कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। यहां प्रार्थना भवन में काफी लोग मौजूद थे। कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने केवल इतना पूछा कि यहां इतनी भीड़ क्यों जुटी है और ये लोग कहां के हैं। इसी बात पर वहां मौजूद लोग भड़क गए। प्रार्थना भवन में मौजूद लोगों ने विवाद करते हुए अचानक हमला कर दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। चर्च में दूसरे जिले से हिंदू पहुंचे थे
हिंदू सेवा परिषद के प्रदेश सचिव निखिल कनोजिया ने कहा, चर्च में लंबे समय से पैसे और जमीन का लालच देकर हिंदुओं का धर्मांतरण कराया जा रहा है। वहां 100 से ज्यादा लोग मौजूद थे, जिनमें हिंदू और ईसाई दोनों समुदाय के लोग शामिल थे। हिंदू लोगों से प्रार्थना करवाई जा रही थी। उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। पहले इस तरह की गतिविधियां आदिवासी इलाकों तक सीमित थीं, लेकिन अब शहरों में भी धर्मांतरण का नेटवर्क सक्रिय हो गया है। यहां आराधना होती है, धर्मांतरण नहीं
चर्च में मौजूद जितेंद्र बर्मन ने कहा, चर्च में प्रभु की आराधना होती है, न कि धर्मांतरण। वर्षों से लोग अपनी मर्जी से यहां आते हैं और प्रार्थना करते हैं। आज जब प्रार्थना सभा चल रही थी, तभी 15 से 20 युवक जय श्रीराम कहते हुए अंदर घुस आए। उन्होंने महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट की। जितेंद्र ने सवाल उठाया कि जब दूसरे लोग अपने-अपने पूजा स्थल पर पूजा करते हैं तो कोई वहां हस्तक्षेप नहीं करता, फिर उनकी प्रार्थना सभा में आकर हंगामा क्यों किया गया। हंगामा करने वाले लड़कों को हिरासत में लिया
मामले में एसआई विनीता गारोत ने बताया कि फिलहाल कुछ लड़कों को हिरासत में लिया गया है। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जिस पक्ष की ओर से एफआईआर दर्ज कराई जाएगी, उसके अनुसार आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। शनिवार को कटंगा में भी हुआ था हंगामा
इससे पहले शनिवार को कटंगा स्थित एक चर्च में भी इसी तरह का विवाद सामने आया था। यहां हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि ब्लाइंड बच्चों को जबरन चर्च लाया जा रहा है। आरोपों के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और स्थिति हंगामे में बदल गई। सूचना मिलते ही गोरखपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर हालात को नियंत्रित किया।


