चलती कार से टकराया ऊंट; छत तोड़कर अंदर घुसा, VIDEO:जेसीबी से निकाला, ड्राइवर की मौके पर मौत; पति-पत्नी और 2 बच्चे घायल

भीलवाड़ा में तेज रफ्तार कार के सामने ऊंट आने से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऊंट कार की छत तोड़कर अंदर जा घुसा, जिसे जेसीबी की सहायता से करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद कार से बाहर निकाला गया। हादसे में कार ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई और पति-पत्नी व 2 बच्चे घायल हो गए। हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे आसींद थाना इलाके में भीलवाड़ा से ब्यावर जाने वाले NH-148D पर ब्राह्मणों की सरेरी कस्बे के पास हुआ। सबसे पहले देखिए हादसे से जुड़े 3 PHOTO… थाना प्रभारी श्रद्धा पंचौरी ने बताया- ब्यावर निवासी बिजनेस मैन नुकूंज चोपड़ा अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ इंदौर दर्शन कर कार से लौट रहे थे। कार को ब्यावर निवासी सलीम (40) चला रहा था। इस दौरान रात करीब 10 बजे भीलवाड़ा से ब्यावर जाने वाले NH-148D पर ब्राह्मणों की सरेरी कस्बे के पास अचानक ऊंट सामने आने से कार उससे टकरा गई। कार तेज रफ्तार में होने के कारण ऊंट छत तोड़कर कार के अंदर घुस गया। इससे ड्राइवर सलीम (40) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पति-पत्नी और दो बच्चे घायल हो गए। ऊंट को जेसीबी से निकाला बाहर ब्यावर निवासी बिजनेस मैन नुकूंज चोपड़ा ने बताया- पालड़ी और सरेरी के बीच होटल चोखी ढाणी के सामने अचानक एक ऊंट सड़क पर आ गया। कार ड्राइवर के संभलने से पहले ही जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ऊंट कार की छत तोड़ते हुए सीधे अंदर सीटों पर जा गिरा। जेसीबी की सहायता से लगभग आधे घंटे बाद ऊंट को कार से बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर आसींद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार तेज थी, जिससे ऊंट भी गंभीर रूप से घायल हो गया। हाईवे पर लगा जाम पुलिस ने मृतक के शव को आसींद अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। हादसे के कारण कुछ समय तक हाईवे पर आवागमन बाधित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारू कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे और ग्रामीण मार्गों पर आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से लोगों की जान बचाई जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *