चलते ट्रक में लगी आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान:छत्तीसगढ़ से दिल्ली जा रहा था कबाड़ से भरा ट्रक

दमोह जिले के जबेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जलहरी गांव के समीप शनिवार दोपहर कबाड़ से भरे एक ट्रक में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठते देख ड्राइवर ने तुरंत ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर कूदकर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों ने आग देखकर पाइपलाइन की मदद से उसे बुझाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। बाद में ट्रक को खाली कर आग पर काबू पाया गया। समय पर आग बुझ जाने से कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, यह ट्रक छत्तीसगढ़ से कबाड़ का सामान लेकर दिल्ली जा रहा था। दमोह के जबेरा थाना क्षेत्र के जलहरी गांव के पास पहुंचते ही कबाड़ में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रक को भी अपनी चपेट में ले लिया। ड्राइवर ने आग देखकर तुरंत ट्रक को सड़क किनारे रोका और कंडक्टर के साथ कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही जबेरा थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने मोटर पंप की सहायता से आग बुझाने में मदद की। जेसीबी की मदद से ट्रक में भरे कबाड़ को सड़क किनारे फेंक दिया गया, जिसके बाद कुछ ही देर में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इस घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था और सड़क पर जाम लगने की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। हालांकि, पुलिस की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से यातायात बाधित नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा टल गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *