सागर जिले के नरयावली थाना क्षेत्र के ग्राम चांदामऊ में हुई आगजनी की घटना को लेकर शनिवार को विदिशा जिले के गुलाबगंज में आक्रोश देखा गया। चिड़ार समाज, सकल हिंदू समाज और विश्व हिंदू परिषद ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने इस घटना को बर्बर और अमानवीय बताते हुए कहा कि इसमें निर्दोष लोगों की जान गई और पीड़ित परिवारों को भारी क्षति हुई है। उनका आरोप है कि पीड़ितों को अब तक न्याय नहीं मिला है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नरयावली थाना क्षेत्र में फहीम खान ने पीड़िता साक्षी चिड़ार को कथित तौर पर लव जिहाद का शिकार बनाया और उसके घर में आग लगा दी। इस घटना में पीड़िता के दो भाइयों की इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पीड़िता द्वारा आरोपी का नाम बताने के बावजूद एफआईआर दर्ज करने में देरी हुई और पुलिस ने लापरवाही बरती। NSA लगाने की भी मांग
समाजजन रैली के रूप में तहसील कार्यालय पहुंचे। उनके हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर दोषियों पर बुलडोजर कार्रवाई, राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) लगाने, लापरवाह पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांगें लिखी थीं। ज्ञापन में प्रमुख मांगों में घटना की निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी का गठन, पीड़िता द्वारा नामजद आरोपियों का पॉलीग्राफ टेस्ट, मृतकों के परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी, पीड़ित परिवार और गांव में स्थायी पुलिस सुरक्षा तथा मृतकों के परिजनों को 1 करोड़ रुपए का मुआवजा शामिल है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।


