विजयदशमी के मौके पर भारत में कीमती धातुओं की कीमत ने इतिहास के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जारी अस्थिरता के साथ ही शेयर बाजार में हो रहे बदलाव की वजह से गुरूवार को भारत में सोने की कीमत बढ़कर 1.20 लाख को पार कर गई है। वहीं चांदी की कीमत 10 रुपए की तेजी आई है। वहीं चांदी की कीमत 1800 रुपए बढ़कर 1 लाख 50 हजार रुपए के शिखर को भी पार कर गई है। सर्राफा व्यापारियों के अनुसार अगले कुछ दिनों में कीमती धातुओं की कीमत में और तेजी आने की प्रबल संभावना है। सर्राफा एसोसिएशन के राकेश खंडेलवाल ने बताया कि वैश्विक बाजार के साथ भारतीय बाजार में कीमती धातुओं की डिमांड बढ़ गई है। जिसका प्रमुख कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अस्थिरता और भारत में त्यौहारी सीजन है। यही कारण है कि सोने और चांदी दोनों की कीमत निरंकुश हो गई है। उन्होंने बताया कि मौजूदा हालात को देखते हुए आने वाले वक्त में सोने और चांदी दोनों की कीमत में और तेजी आने की प्रबल संभावना है। ऐसे में जो लोग कीमती धातुओं में निवेश करना चाहते हैं। मौजूदा वक्त उनके लिए पूरी तरह मुफीद है। जयपुर सर्राफा कमेटी की और से जारी भाव के अनुसार जयपुर में 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत एक लाख 20 हजार 500 रुपए पर आ गई है। 22 कैरेट प्रति 10 ग्राम सोने की कीमत एक लाख 12 हजार 400 रुपए पहुंच गई है। सोना 18 कैरेट 94 हजार रुपए प्रति दस ग्राम और 14 कैरट 74 हजार 700 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया है। वहीं, चांदी रिफाइन की कीमत एक लाख 50 हजार 100 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई है।


