चाइना डोर से बचाव को पुलों पर बांधे तार टूटे, सड़कों पर फिर मौत का खतरा

संजय तिवारी | अमृतसर शहर में एक बार फिर पाबंदीशुदा चाइना डोर का खतरा बढ़ने लगा है। शहर के कई इलाकों में बच्चे और युवा खुलेआम चाइना डोर से पतंग उड़ा रहे हैं। यह डोर हर साल दोपहिया वाहन चालकों और पक्षियों के लिए जानलेवा साबित होती है। सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि पिछले साल चाइना डोर से बचाव के लिए शहर के पुलों और एलिवेटेड रोड पर दोनों तरफ लगी स्ट्रीट लाइट्स के बीच बांधे गए तार अब टूट चुके हैं, जिससे हादसों का खतरा कई गुना बढ़ गया है। स्ट्रीट लाइट्स के खंभों के बीच लोहे के तार बांधे गए थे ताकि कटी हुई पतंग और डोर इन तारों से होते हुए सड़क के पार चले जाए और राहगीरों तक न पहुंचे सके। इस व्यवस्था से कई हादसे टल भी गए थे मगर अब खतरा फिर बढ़ गया है। बीते 3 साल में चाइना डोर के कारण हुए हादसों में 6 की जान चली गई जबकि 5 गंभीर घायल हुए। खासतौर पर दोपहिया वाहन सवार चाइना डोर का सबसे ज्यादा शिकार बनते हैं। दैनिक भास्कर की टीम ने रविवार को शहर के साथ लगते हाईवे, एलिवेटेड रोड और पुलों का मौका-ए-मुआयना किया। बटाला रोड स्थित बीआरटीएस पुल, इस्लामाबाद पुल और बस स्टैंड एलिवेटेड रोड पर तारें दिखाई दीं जो बीच-बीच से टूट चुकी हैं। वहीं हाईवे छेहर्टा से गुमटाला, फतेहगढ़ चूड़ियां रोड, मजीठा बाईपास, वेरका बाईपास से होते हुए गोल्डन गेट तक कोई तार जैसी सुविधा देखने को नहीं मिली। जबकि इन हाईवे पर 7 पुल भी हैं और हाईवे पर भी चाइना डोर से कई लोग घायल होते हैं। मजीठा बाईपास हाईवे पर चाइना डोर से बचाव का कोई उपाय नहीं। पुलिस प्रशासन ने भंडारी पुल से गोल्डन गेट तक 6 किलोमीटर के एलिवेटेड रोड पर सुरक्षा कवज तारों को लगाया है, लेकिन तारों को बीच बने डिवाइडर पर लगी स्ट्रीट लाइट्स पर बांधा गया है जिससे हादसा नहीं टलेगा। जब कटी पतंग इस एलिवेटेड पुल के ऊपर से गुजर रही होगी तो दोनों ओर के दोपहिया चालक के गले में लिपट सकती है। तार को पुल के दोनों किनारों पर बांधा जाना चाहिए। ज हां बांधने जैसी कोई सुविधा न हो वहां तकनीक के साथ बदलाव लाना चाहिए । .11 जनवरी 2023 को बस स्टैंड के पास एलिवेटेड रोड पर चाइना डोर से गला कटने से बाइक सवार युवक की मौत। . 5 फरवरी 2023 को मजीठा बाईपास पर बाइक सवार घायल। 7 मार्च 2023 को सुल्तानविंड पुल पर गला कटने के कारण बाइक सवार की मौत। . 5 जनवरी 2024 को भंडारी पुल एलिवेटेड रोड पर गला कटने से युवक घायल। .21 फरवरी 2024 को वेरका बाईपास पुल पर युवक की मौत। . 15 अक्तूबर 2024 को बीआरटीएस पुल पर गला कटने से बॉडी बिल्डर राजन की मौत। . 19 दिसंबर 2024 को बिजली कर्मी चाइना डोर से जख्मी। .13 जनवरी 2025 को छेहर्टा में युवक की गला कटने से मौत। .19 जून 2025 को एलिवेटेड रोड पर युवक की जान गई। . 11 अक्तूबर 2025 को सुल्तानविंड पुल पर चेहरे पर चाइना डोर लगने से व्यक्ति घायल। इस मामले पर एडीसीपी ट्रैफिक अमनदीप कौर ने कहा कि पिछले साल पुलिस ने सुरक्षा कवज तैयार करते हुए तारों को बांधा था, जो फायदेमंद साबित हुई। अगर अभी जहां तारें टूट गई हैं, उन्हें ठीक करवाया जाएगा। हाईवे के दोनों किनारों पर लगे स्ट्रीट लाइट्स के साथ सुरक्षा कवज तारों का इस्तेमाल किया जाए, उस पर संबंधित विभागों के साथ बैठक कर जल्द काम शुरू किया जाएगा। लोगों की जान बचाना पुलिस का काम है और इसमें जल्द कार्रवाई शुरू की जाएगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि चाइना डोर का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। अगर कोई इस डोर को बेच रहा है तो पुलिस को गुप्त सूचना दे सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *