लुधियाना| चाइनीज डोर की बिक्री और इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना डिवीजन-4 पुलिस ने चंदर लोक कॉलोनी निवासी एक युवक को 15 चाइनीज डोर के गट्टू के साथ गिरफ्तार किया है। जांच अधिकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि छोटी दरेसी ग्राउंड के पास एक व्यक्ति चाइनीज डोर बेचने के लिए खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 15 चाइनीज डोर के गट्टू बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी की पहचान आकाश के रूप में की है। आरोपी के खिलाफ चाइनीज डोर से संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि चाइनीज डोर से आम लोगों की जान को गंभीर खतरा रहता है, इसी कारण इसकी बिक्री और इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


