धार की कोतवाली पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज डोर के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने शहर में चाइनीज डोर से पतंगबाजी कर रहे दो युवकों और एक नाबालिग को पकड़ा है। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, जिले में चाइनीज डोर (नायलॉन/कांचयुक्त मांझा) के उपयोग, भंडारण और बिक्री पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद इसके इस्तेमाल की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार शाम को मुखबिर से सूचना मिली कि शास्त्री कॉलोनी स्थित लक्की चौराहे के पास कुछ लोग चाइनीज डोर से पतंगबाजी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल ने तीनों को मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान ललित प्रजापत (27) और मयंक प्रजापत (21) निवासी शास्त्री कॉलोनी, धार, तथा एक बाल अपचारी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से लकड़ी की दो चकरियों में लिपटी प्रतिबंधित चाइनीज डोर बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1500 रुपये है। पुलिस ने बताया कि चाइनीज डोर मानव जीवन, पशु-पक्षियों और विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के लिए अत्यंत खतरनाक है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


