चाइनीज मांझे की चपेट में आई 4 साल की मासूम:गर्दन कटने से आहार और श्वास नली को नुकसान, नागपुर में हुआ ऑपरेशन

प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। बुधवार को उमरानाला चौकी अंतर्गत लिंगा क्षेत्र में एक दिल-दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे भाई-बहन को रास्ते में चाइनीज मांझे ने अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 4 साल की मासूम ध्रुवी दाडे गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसकी गर्दन कटने से उसकी आहार नली और सांस नली दोनों क्षतिग्रस्त हो गईं। बुधवार दोपहर स्कूल से छुट्टी के बाद ध्रुवी दाडे अपने भाई के साथ घर जा रही थी। इसी दौरान उनके पड़ोसी ने दोनों को लिफ्ट दी और घर छोड़ने की बात कही। बाइक पर ध्रुवी को सामने बैठाया गया, जबकि उसका भाई पीछे बैठा था। कुछ ही दूरी तय करने के बाद अचानक सड़क पर फैले चाइनीज मांझे की चपेट में ध्रुवी आ गई। मांझा उसकी गर्दन में फंस गया और देखते ही देखते उसकी गर्दन कट गई, जिससे गले से तेज़ी से खून बहने लगा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बच्ची को तत्काल नजदीकी अस्पताल लाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि उसकी आहार नली और सांस नली दोनों ही गंभीर रूप से कट चुकी हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे तत्काल नागपुर रेफर किया गया। बुधवार रात करीब 9:40 बजे नागपुर में डॉक्टरों ने मासूम ध्रुवी का आपात ऑपरेशन शुरू किया। ऑपरेशन से पहले बच्ची के सांस लेने में गंभीर दिक्कत को देखते हुए डॉक्टरों ने बाईपास नली डालकर सांस की वैकल्पिक व्यवस्था की, इसके बाद ही सर्जरी संभव हो सकी। ध्रुवी के पिता सोनू दाडे, जिला कोतवाली छिंदवाड़ा में ऑपरेटर के पद पर पदस्थ हैं। घटना की जानकारी मिलते ही छिंदवाड़ा सांसद विवेक ‘बंटी’ साहू ने तत्काल नागपुर में अस्पताल में इलाज की व्यवस्था कराई। पिता से संपर्क कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *