कोटा ग्रामीण के रामगंजमंडी के बैरागी कॉलोनी में चाइनीज मांझे की चपेट में आकर राष्ट्रीय पक्षी मोर की दर्दनाक मौत हो गई। मोर उड़ते समय चाइनीज मांझे में उलझ गया। मांझा इतना तेज था कि मोर की गर्दन और पंख बुरी तरह कट गए। घायल मोर काफी देर तक तड़पता रहा, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि चाइनीज मांझा लगातार पशु-पक्षियों और आम नागरिकों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। बावजूद इसके, इसकी बिक्री और उपयोग पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि हर वर्ष चाइनीज मांझे की वजह से कई पक्षियों और जानवरों की जान चली जाती है। इतना ही नहीं, आमजन भी इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। हाल ही में रामगंजमंडी क्षेत्र में दो लोगों के गले चाइनीज मांझे से कटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे लोगों में भय व्याप्त है।
लोगों ने प्रशासन से चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर सख्ती से रोक लगाने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।


