मकर संक्रांति का पर्व आज मनाया जा रहाहै। हालांकि पतंगे कई दिन पहले से उड़ रही हैं। उन पतंगों को उड़ाने में उपयोग हो रहे अधिकतर चाइनीज मांझे से न केवल लोग घायल हो रहे हैं। बल्कि यह पक्षियों के लिए भी काफी घातक साबित हो रहा है। पिछले सवा महीने में करीब अस्सी पक्षी घायल हो चुके हैं और दो कबूतरों की जान भी जा चुकी है। जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग चोटिल हो गए। बाजार में रंग बिरंगी और आकर्षक डिजाइन वाली इन पतंगों को उड़ाने में पहले जहां सादा धागे व सामान्य मांझे का उपयोग किया जाता था। वहीं अब पतंग में अधिकतर चाइनीज मांझा उपयोग किया जा रहा है। यह मांझा पतंग उड़ाने वाले के हाथों को तो नुकसान पहुंचाता ही है। साथ ही आसमान में रहते हुए पक्षियों के लिए घातक हो जाता है। यह उड़ते पक्षियों के पंख काटने व उन्हें घायल करने का काम कर रहा है। साथ ही पतंग कटने पर उसके साथ सड़क पर लटकने वाला चाइनीज मांझा राह चलते लोगों की गर्दन, आंख, नाक तक को घायल कर रहा है। शहर में पिछले कई दिन से इस तरह की घटनाएं हो रही है। नगर निगम व पुलिस की ओर से चाइनीज मांझे की धरपकड़ का अभियान भी चलाया हुआ है। उसके बाद भी यह बाजार में चोरी छिपे बिक रहा है। साथ ही लोग इसका उपयोग भी कर रहे हैं। ह्यूमन हेल्पलाइन करवा रही घायल पक्षियों का उपचार
ह्यूमन हेल्पलाइन की ओर पतंगबाजी के दौरान चाइनीज मांझे के उपयोग से निरंतर घायल हुए पक्षियों का रेस्क्यू कर उन्हें जिला पशु चिकित्सालय पहुंचा कर उनका उपचार कराया गया। ह्यूमन हेल्पलाइन के अध्यक्ष मनोज जैन आदिनाथ ने बताया कि पतंगबाजी में मांझे के कहर से पिछले डेढ़ माह से घायल पक्षियों का रेस्क्यू निरंतर जारी है। गंभीर घायल पक्षियों को उपचार के लिए मोखापाड़ा स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय पहुंचाकर उनका उपचार करवाया जा रहा है। सही होने पर उन्हें खुले आसमान में छोड़ दिया गया। दिसम्बर और जनवरी में शहर में लगभग 80 पक्षियों के घायल होने की सूचना हेल्प लाइन पर प्राप्त हुई। विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी
मनोज जैन ने बताया कि घायल पक्षियों की सूचना के लिए एक सप्ताह के लिए विशेष हैल्प लाइन नम्बर 7231015030 जारी किया गया है। साथ ही तीन एम्बुलेंस रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल होंगी। जिनमें एक चार पहिया व दो स्कूटर एम्बुलेंस शामिल है। एक दिन पहले दो लोग हुए घायल
कोटा में मंगलवार को दो अलग-अलग घटनाओं में बाइक सवार एक बच्चा और बुजुर्ग चाइनीज मांझे से घायल हो गए। इससे बुजुर्ग के गले तो बच्चे के गाल पर कट लग गया। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। केशवपुरा फ्लाईओवर पर जाते समय बाइक सवार बुजुर्ग की चाइनीज मांझे से गर्दन पर कट लग गया। बुजुर्ग को मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर जाया गया, जहां उनकी गर्दन में टांके लगाए गए हैं। संजय नगर इलाके में एक बच्चे के गाल पर चाइनीज मांझे से कट लग गया। करीब 8 साल का बच्चा पिता के साथ बाइक पर बैठकर संजय नगर जा रहा था। बच्चा बाइक पर आगे बैठा था। अचानक मांझा से उसका गाल कट गया।


