चाईबासा| चाईबासा इंजीनियरिंग कॉलेज के 8 छात्रों को टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के एनक्यूटी फेज टू के माध्यम से नौकरी का प्रस्ताव मिला है। 6 छात्र कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के 2025 पास आउट बैच से हैं। जबकि 2 छात्र इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग ब्रांच से हैं। सभी छात्रों को 15 जुलाई को टीसीएस से नौकरी का प्रस्ताव पत्र प्राप्त हो गया है। उन्हें प्रस्तावित वेतन सीटीसी 3.45 लाख प्रतिवर्ष है। ये छात्र साक्षात्कार प्रक्रिया के दो दौर में शामिल हुए हैं, पहले राष्ट्रीय स्तर की तकनीकी योग्यता परीक्षा और उसके बाद टीसीएस गीतांजलि पार्क, कोलकाता में व्यक्तिगत साक्षात्कार। प्लेसमेंट सेल के प्रो. प्रभारी प्रोफेसर डी. राहा ने बताया कि चाईबासा इंजीनियरिंग कॉलेज का टीसीएस-वाइपी के साथ समझौता हुआ है। टीसीएस की एक सीएसआर इकाई है। यह चाईबासा इंजीनियरिंग कॉलेज के अंतिम वर्ष के छात्रों को उद्योग के लिए तैयार और रोजगार योग्य बनाने के लिए एक वर्ष का प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाती है।


