चाईबासा में ट्रैक मेंटेनर की ट्रेन से कटकर मौत:पेट्रोलिंग के दौरान हादसा, रेलवे ने दिए जांच के आदेश

दक्षिण-पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल में मंगलवार तड़के एक हादसा हो गया। चाईबासा और पंडराशाली स्टेशन के बीच थर्ड लाइन पर पेट्रोलिंग कर रहे 48 वर्षीय ट्रैक मेंटेनर नंदलाल गोप की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, नंदलाल गोप नियमित रात्रि गश्ती के तहत ट्रैक निरीक्षण के लिए निकले थे। प्रतिदिन की तरह मंगलवार सुबह भी वे चाईबासा-पंडराशाली खंड में पटरी का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रेन उसी ट्रैक पर आ गई, जिसकी चपेट में आने से उनकी जान चली गई। दुर्घटना की खबर फैलते ही चक्रधरपुर रेल मंडल के रेल कर्मचारियों में शोक छा गया। सहकर्मियों ने बताया कि नंदलाल गोप अपने काम को गंभीरता और ईमानदारी से करने वाले अनुभवी कर्मी थे। उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। यह हादसा ऐसे समय में हुआ है] जब हाल ही में रेलवे बोर्ड और जोनल रेलवे द्वारा ट्रैक पेट्रोलिंग और सुरक्षा मानकों को लेकर कई दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में कई ट्रैक मेंटेनर इसी तरह की दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवा चुके हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं। दक्षिण-पूर्व रेलवे प्रशासन ने घटना की पुष्टि करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि मृतक नंदलाल गोप के परिवार को रेलवे नियमों के तहत मुआवजा और अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *