चाईबासा में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के एक बड़े षड्यंत्र को नाकाम कर दिया है। टोकलो थाना और दलभंगा ओपी के सीमावर्ती जंगली और पहाड़ी क्षेत्र से 30 आईईडी बम बरामद किए गए। प्रत्येक बम का वजन लगभग 2 किलोग्राम था। सुरक्षाबलों को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के उग्रवादियों ने इस क्षेत्र में गोला-बारूद छिपाकर रखा है। इसके बाद चाईबासा पुलिस, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ और एसएसबी की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को सर्च अभियान शुरू किया। आईईडी को बम निरोधक दस्ते की मदद से मौके पर ही नष्ट कर दिया खुफिया जानकारी के मुताबिक, भाकपा माओवादी के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल समेत कई नक्सली नेता अपने दस्ते के साथ सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे यहां विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने की फिराक में थे। सुरक्षाबलों ने बरामद किए गए सभी आईईडी को बम निरोधक दस्ते की मदद से मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। इससे पहले भी झारखंड पुलिस, कोबरा, सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर की टीमें लगातार इस क्षेत्र में अभियान चला रही हैं।


