चाईबासा के मझगांव प्रखंड स्थित अंबाईमारचा गांव में शनिवार तड़के जंगली हाथी के हमले में एक दंपती गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना सुबह लगभग 5:30 बजे हुई, जब गांव के पास झाड़ियों में छिपे एक हाथी ने उन पर हमला कर दिया। जानकारी के मुताबिक, अंबाईमारचा निवासी सहचरी देवी (45) सुबह शौच के लिए घर से बाहर निकली थीं। तभी झाड़ियों में छिपे जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया। सहचरी देवी की चीख सुनकर उनके पति कालीपद राउत (55) उन्हें बचाने पहुंचे, लेकिन हाथी ने उन पर भी हमला कर दिया। कालीपद राउत के घुटने में भी गंभीर चोट लगी इस हमले में सहचरी देवी के दाहिने पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, कालीपद राउत के घुटने में भी गंभीर चोट लगी है। ग्रामीणों और परिजनों की सहायता से दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई करने और हाथियों की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की है। वन विभाग की एक टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से मझगांव और आसपास के गांवों में जंगली हाथियों की आवाजाही में वृद्धि हुई है, जिससे स्थानीय ग्रामीण भयभीत हैं।


