चाकसू में अवैध पत्थर ले जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा:पुलिस ने तीन को गिरफ्तार किया, पूरे साल में पहली कार्रवाई; पूर्व विधायक ने की सख्त कार्रवाई की मांग

चाकसू पुलिस ने सोमवार को अवैध पत्थर परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। उपखंड मुख्यालय पर तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया गया। यह वर्ष 2025 में अवैध पत्थर परिवहन पर की गई पहली कार्रवाई बताई जा रही है, जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि चाकसू शहर में रोजाना दर्जनों की संख्या में अवैध पत्थर का परिवहन होता है। पुलिस थाने के सामने ही पकड़ा चाकसू थाना इंचार्ज मनोहर लाल मेघवाल ने बताया- दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पुलिस थाने के सामने से अवैध रूप से पत्थर ले जाते हुए पकड़ा गया। वहीं, एक अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली को कोटखावदा चौराहे से जब्त किया गया। सभी जब्त वाहनों को थाने में खड़ा किया गया है। पकड़े गए ट्रैक्टर चालकों को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। मामले का अनुसंधान कर रहे गिरिराज जूनवाल ने जानकारी दी कि अवैध बजरी परिवहन पर चाकसू पुलिस नियमित कार्रवाई करती रहती है, लेकिन अवैध पत्थर परिवहन के संबंध में यह वर्ष 2025 की पहली कार्रवाई है। पुलिस थाने के सामने से गुजरते हुए निझरना, दौसा निवासी भरोसी पुत्र गणेश गुर्जर (28) और मान सिंह पुत्र छगनलाल गुर्जर (24) को गिरफ्तार किया गया। कोटखावदा चौराहे से टोंक निवासी दीपक सैनी पुत्र छोटू लाल सैनी (24) को भी अवैध पत्थर परिवहन करते हुए पकड़ा गया। पूर्व विधायक ने सख्त कार्रवाई की मांग की चाकसू के पूर्व विधायक वेद प्रकाश सोलंकी ने पुलिस से अवैध खनन और परिवहन पर शिकंजा कसने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर रोजाना ओवर स्पीड में फर्राटा भरते अवैध ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई देते हैं, जिससे शहर में हादसों का डर बना रहता है। सोलंकी ने पुलिस से कड़ी कार्रवाई कर इन पर नियंत्रण करने को कहा, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। स्थानीय व्यापारी गौरी शंकर शर्मा ने भी इस बात की पुष्टि की कि रोजाना दर्जनों की संख्या में पत्थर से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली मुख्य बाजारों से होकर गुजरते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *