भास्कर संवाददाता | उज्जैन चिमनगंज थाना पुलिस ने चाकू लेकर वारदात करने की नीयत से घूम रहे दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उन्हें मौका मुआयना कराने के लिए लेकर गई तो दोनों बदमाश आम लोगों के सामने कान पकड़कर माफी मांगते रहे। चिमनगंज थाना पुलिस ने बताया चैकिंग के दौरान आरोपी महेश पिता बालकृष्ण देवड़ा निवासी गली नंबर-2 मंगलनगर आैर कपिल पिता किशोर मालवीय निवासी यादवनगर को पकड़ा। तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से चाकू मिले। थाना प्रभारी हितेश पाटिल ने बताया दोनों बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि वह वारदात करने की नीयत से चाकू लेकर घूम रहे थे। दोनों बदमाश आदतन अपराधी हैं आैर दोनों के खिलाफ पूर्व में भी कई प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस टीम द्वारा दोनों बदमाशों को इंदिरानगर क्षेत्र में मौका मुआयना के लिए ले जाया गया। इस दौरान बदमाश लोगों के सामने कान पकड़कर माफी मांगते रहे।


