उदयपुर के हिरण मगरी थाना क्षेत्र में 4 दिन पूर्व मजदूर की चाकू मारकर हत्या के मामले में घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। जिसमें रोड पर पैदल चलते मजदूर को देखकर बाइक सवार तीन बदमाश अचानक रुकते हैं। फिर तीनों उस पर लूट की नियत से चाकू से ताबड़तोड़ हमला शुरू देते हैं। फुटेज से पता लगा कि प्रेम गमेती उनसे बचने के लिए इधर-उधर दौड़ता है लेकिन हमलावर भी पीछा करते हुए चाकू से लगातार वार रहे हैं। इसके बाद तीनों बाइक पर फरार हो जाते हैं। तभी एक टेम्पो उस रोड से गुजरता है। घायल प्रेम गमेती टेम्पो ड्राइवर को रुकने का इशारा करता है लेकिन वह नहीं रुकता। तभी प्रेम गमेती ने अपनी पत्नी नन्दनी को फोन कर बताया कि तीन जनों ने उसे चाकू मार दिया। जल्दी आओ, मुझे हॉस्पिटल ले जाओ। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक नाबालिग को डिटेन किया है। एक आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग डिटेन, तीसरी आरोपी फरार
थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि पता लगा कि तीनों आरोपी बस में बैठकर बिच्छीवाड़ा से आगे गुजरात की तरफ जा रहे हैं। इस पर बिच्छीवाड़ा थाना व गुजरात के गम्बोई थाने पर सूचना देकर नाकाबंदी कराई। गम्बोई में नाकाबंदी दौरान आरोपी ईश्वर मीण उर्फ जैरी पिता जीवतराम मीणा निवासी श्यामपुरा कल्याणपुर को गिरफ्तार किया। इसके साथ एक नाबालिग को डिटेन किया। दोनों को पुलिस उदयपुर लेकर रवाना हुई, तभी रास्ते में बलीचा से पहले दोनों ने लघुशंका करने के लिए गाडी रुकवाई। इसी बहाने हाईवे के साइड में खाई की तरफ कूदकर भागने लगे। जिन्हें पीछाकर पुलिस ने पकड़ा। दोनों के खाई में कूदने और वहां पर पत्थर होने से दोनों के टखनों, पैर और शरीर पर चोटें लगी। तीसरा आरोपी जगदीश उर्फ जग्गू फरार है जिसकी तलाश जारी है। शरीर पर 7 जगह चाकू के घाव थे
घटना गुरुवार सुबह 4:16 बजे की है। जब जड़ाव नर्सरी रोड पर रॉन्ग साइड पर बाइक सवार तीन बदमाश घूम रहे थे। मृतक विजयसिंह पथिक नगर निवासी प्रेम गमेती(32) मजूदरी के लिए सवीना मंडी जा रहा था। तभी बदमाशों ने लूट की नियत से उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उसके शरीर पर करीब 7 जगह घाव लगे। परिजन जब घायल को हॉस्पिटल लाए तो यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने कहा कि थाने से रिपोर्ट लिखवाकर लाओ। इस पर परिजन घायल को एंबुलेंस में लेकर थाने गए। वहां करीब एक घंटे तक रिपोर्ट नहीं लिखी गई। थाने के बाहर एंबुलेंस में घायल की हालत बिगड़ती गई। आखिरकार वापस हॉस्पिटल लाते समय उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।


