पलामू में मंगलवार को सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। युवक के 80 वर्षीय चाचा का निधन भी इसी दिन हुआ था और उनके अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। इसी बीच भतीजे की मौत ने परिजनों को दोहरा दुख दे दिया। मृतक की पहचान रवि कुमार (30) के रूप में की गई। घटना मोहम्मदगंज-जपला मुख्य पथ पर सोनबरसा बायो पेट्रोल पंप के पास हुई। इस घटना में कार चालक सहित कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मध्य प्रदेश जा रहे थे कार सवार जपला भट्टी मोड़ निवासी रवि कुमार ऑटो चालक था और वो सवारियों को लेकर जा रहा था। तभी सामने से आ रहे मोहम्मदगंज निवासी राजू मेहता के ऑटो से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। इसी बीच, दोनों ऑटो की टक्कर से बचने के प्रयास में पीछे से आ रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। इधर, ऑटो के बीच टक्कर इतनी भीषण थी कि रवि कुमार ने अस्पताल ले जाते समय ही दम तोड़ दिया। वहीं, कार में चालक सहित कुल आठ लोग सवार थे, जो हैदरनगर से मध्य प्रदेश जा रहे थे। इस दुर्घटना में मध्य प्रदेश निवासी कार चालक गुलाब सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार में सवार अन्य यात्रियों को भी चोटें आईं। घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर हादसे में दोनों ऑटो और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। ऑटो में सवार मोहम्मदगंज के माहुर निवासी अजय भुइयां की 16 वर्षीय पुत्री प्रियंका कुमारी और बृज मोहन यादव के 24 वर्षीय पुत्र रंजन कुमार भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। पूरा परिवार गहरे सदमे में इधर, रवि कुमार के 80 वर्षीय चाचा गणेश दास का निधन भी मंगलवार को ही हुआ था। परिवार अभी शोक में डूबा था और घर से उनकी अर्थी नहीं उठी थी कि रवि की असामयिक मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। एक ही दिन में दो मौतों से गांव में मातम पसर गया है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मोहम्मदगंज थाना से एएसआई कयामुद्दीन अंसारी, प्रद्युम्न पासवान सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर थाने ले आई है और मामले की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


