भास्कर न्यूज |लुधियाना शहर में दोपहिया वाहन चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों से सामने आई इन वारदात ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामलों में बाइक और एक्टिवा चोरी की पांच घटनाएं दर्ज की गई हैं। सभी मामलों में चोरों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहली वारदात 11 नवंबर को थाना मोती नगर क्षेत्र में हुई। गोपाल नगर, टिब्बा रोड निवासी सुरिंदर कुमार ने पुलिस को बताया कि वह शिव चौक के पास से गुजर रहे थे। रास्ते में लघुशंका के लिए रुके और बाइक (PB-10-DA-1445) सड़क किनारे खड़ी कर दी। बाइक में चाबी लगी थी और उस पर बैग भी रखा था। कुछ ही देर बाद लौटे तो बाइक गायब मिली। दूसरी घटना 19 जनवरी की है। बसंत नगर, डाबा निवासी मोहम्मद अब्दुल ने बताया कि वह रात करीब 10 बजे डाबा रोड पर दोस्त से मिलने गया था। दोस्त के घर के बाहर बाइक (PB-10-HH-3421) खड़ी की थी। इसी दौरान एक युवक आया और बाइक स्टार्ट कर फरार हो गया। दोस्त ने पीछा किया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आया। थाना डाबा पुलिस ने केस दर्ज किया है। तीसरी वारदात 31 जनवरी को थाना डिवीजन-1 क्षेत्र में हुई। गुरनाम नगर, जासियां रोड निवासी राजदेव ने बताया कि वह जन्मदिन की पार्टी के लिए घंटाघर के पास होटल हेवन गया था। होटल के बाहर खड़ी उसकी बाइक (PB-10-JM-5828) चोरी हो गई। चौथी घटना भी 31 जनवरी को थाना दुगरी क्षेत्र में हुई। दुगरी फेस-2 निवासी जोगिंदर पाल सिंह ने बताया कि वह शाम को सब्जी मंडी एक्टिवा (PB10EJ-7093) पर गया था। वापस आने पर एक्टिवा गायब मिली। पांचवीं वारदात 2 फरवरी को थाना डिवीजन-8 क्षेत्र में सामने आई। प्रेम नगर, सिविल लाइन्स निवासी विशाल सैनी ने बताया कि उनकी पत्नी ने उन्हें सूचना दी कि घर के बाहर खड़ी एक्टिवा (PB10JG-4820) चोरी हो गई है। सभी मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों तक पहुंचा जा सके।


