भास्कर संवाददाता | उज्जैन मकर संक्रांति पर पतंगबाजों को प्रतिबंधित चायनीज मांझा बेचने के लिए लाए दो लोगों को नानाखेड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके पास से चायनीज मांझा की 12 चकरी जब्त की है। आगामी मकर संक्रांति के मद्देनजर आमजन की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस द्वारा निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में थाना नानाखेड़ा पुलिस को रात्रि गश्त के दौरान दो लोगों को चायनीज मांझा के साथ गिरफ्तार किया है। नानाखेड़ा थाना पुलिस ने बताया गुरुवार-शुक्रवार की रात सहायक उपनिरीक्षक देवकरण परमार, चालक सैनिक ओमप्रकाश के साथ रात्रि गश्त पर भ्रमण कर रहे थे। इस दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि नानाखेड़ा स्टेडियम के सामने दो लोग प्रतिबंधित चायनीज मांझा बेचने के लिए प्लास्टिक का झोला लेकर खड़े हैं। पुलिस मौके पर पहुंची। जहां मुखबिर द्वारा बताए हुलिये के दो लोग दिखाई दिए। जिन्हें पुलिस टीम ने घेराबंदी कर हिरासत में लिया। हिरासत में आए एक आरोपी का नाम फरदीन पिता फरीद खान निवासी अयोध्या बस्ती जिला आगर मालवा है, जबकि दूसरा आरोपी नाबालिग है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक प्लास्टिक के झोले में रखी प्रतिबंधित चायनीज मांझा की 12 चकरी जब्त की। जिन पर मोनो केटीसी कंपनी का नाम अंकित था। जब्त की गई चायनीज मांझा की 12 चकरियों की कीमत करीब 3 हजार रुपए है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने चायनीज मांझा मकर संक्रांति पर्व के दौरान पतंगबाजी करने वालों को बेचने के उद्देश्य से रखा था। पुलिस ने पकड़ा चायनीज मांझा। आरोपी फरदीन।


